मातृशक्ति को सशक्त होना है तो उसे मूल संस्कृति का मार्ग ही अपनाना होगा : डॉ लवकुश सिंह

महिलाओं की दशा में सुधार के बिना राष्ट्र का निर्माण नही हो सकता - रूपा जैन
हिन्दू जागरण मेरठ प्रान्त वीरांगना वाहिनी की बैठक सम्पन्न
मेरठ - समन्वय भवन, गृहम कॉलोनी, बम्बा बाईपास में हिन्दू जागरण मेरठ प्रान्त की बैठक सम्पन्न हुई जिसमें हिन्दू जागरण मेरठ प्रान्त संगठक गोपाल, वीरांगना वाहिनी प्रभारी एवं प्रान्त उपाध्यक्ष डॉ लवकुश सिंह, प्रान्त अध्यक्षा रूपा जैन मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
डॉ लवकुश सिंह ने कहा कि मातृशक्ति को सशक्त होना है तो उसे मूल संस्कृति का मार्ग ही अपनाना होगा। हमारे धर्म शास्त्रों में वर्णित किरदारों को आप उनके शोषण के तौर पर देखते आए हैं। पर आज दृष्टि बदल कर देखें तो पाएंगे वे समाज को सुधारने के लिए उस भूमिका में चित्रित की गई और यह मजबूत और स्पष्ट संदेश दिया कि मातृ स्वरूपा नारी ही समाज और राष्ट्र के सुधार की मूल प्रेरक बल है और स्त्री की गरिमा का हनन सबसे बड़ा अपराध है। उसके लिए हम हमेशा संघर्ष करते आ रहे हैं।
प्रान्त अध्यक्षा रूपा जैन ने कहा कि महिलाओं की दशा में सुधार के बिना राष्ट्र का उत्थान नहीं हो सकता। समाज में महिलाओं की सम्मानजनक स्थिति, सकारात्मक भूमिका के लिए हिन्दू जागरण वीरांगना वाहिनी द्वारा किए गए प्रयत्न आज आकार लेकर सकारात्मकता का निर्माण कर रहे हैं। आज मेरठ प्रान्त की महिलाओं के हर प्रकार के विकास और सशक्तिकरण को साकार करने की दिशा में हम अग्रसर हैं।
इस अवसर पर दीपा त्यागी, प्रियंका आर्य, सीमा देवी, सुमन राजपूत, ऋतु सैनी, वंदना, अंजलि, रचना सक्सेना, अरुणा देवी, ममता त्यागी, मोनिका शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।