Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' की बंगाल में एंट्री, राहुल ने ममता को दिया संदेश
Bharat Jodo Nyaya Yatra in West Bengal: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा असम के रास्ते अब पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर गई है। मु्खयमंत्री ममता बनर्जी द्वारा बंगाल की सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद नजर इस बात है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का रुख बंगाल सरकार को लेकर क्या रहेगा। उन्होंने बता दिया कि वे ममता से रिश्ते खराब करने के मूड में बिलकुल भी नहीं हैं।
राहुल गांधी की यात्रा ने असम के रास्ते 12वें दिन बंगाल के कूच बिहार जिले में प्रवेश किया। राहुल गांधी ने यहां कहा कि देश में अन्याय हो रहा है, इसलिए उन्होंने अपनी भारत जोड़ो यात्रा में न्याय शब्द को जोड़ा है। उन्होंने कहा कि इस अन्याय के खिलाफ इंडिया गठबंधन एक साथ लड़ने जा रहा है। उनके बयान ने स्पष्ट कर दिया है टीएमसी और कांग्रेस भले ही राज्य में चुनाव एक साथ नहीं लड़ें, लेकिन उनका गठबंधन बना रहेगा।
यात्रा ने पश्चिम बंगाल के उत्तरी भाग में कूचबिहार जिले के बशीरहाट से होते हुए राज्य में प्रवेश किया। तूफानगंज और कूचबिहार शहर से गुजरने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी कूचबिहार में मां भवानी चौक से पदयात्रा करेंगे।
एक्स पर पोस्ट में कहा- जनता का बेशुमार प्यार और आशीर्वाद लिए पश्चिम बंगाल के कूचबिहार पहुंची 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा'। जननायक राहुल गांधी जी के लिए उमड़ी इस मोहब्बत ने साफ कर दिया है कि अन्याय के खिलाफ इस लड़ाई में हम एक हैं।
Incredible scenes in Cooch Behar, West Bengal!
— Congress (@INCIndia) January 25, 2024
A spontaneous sea of people lined up to extend a warm welcome to Shri @RahulGandhi. The enthusiasm is palpable, and the #BharatJodoNyayYatra is off to an electric start in West Bengal. pic.twitter.com/TALc1dC5Lo
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाई थी। ममता कांग्रेस को केवल 2 सीटें ही देना चाहती थीं, लेकिन कांग्रेस ज्यादा सीटें मांग रही थी। ऐसे में ममता बनर्जी ने बुधवार को ऐलान किया कि उनकी पार्टी बंगाल की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।
यात्रा बस के जरिए घोक्साडांगा में जारी रहेगी। इसके बाद रात्रि विश्राम के लिए अलीपुरद्वार जिले के फालाकाटा पहुंचेगी। 26-27 जनवरी को 2 दिन के विराम के बाद यात्रा जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर और दार्जिलिंग जिलों से गुजरेगी और 29 जनवरी को बिहार में प्रवेश करेगी।