Bharat tv live

Chandrayaan-3: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसरो वैज्ञानिकों के समर्पण की सराहना की

 | 
Chandrayaan-3: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसरो वैज्ञानिकों के समर्पण की सराहना की

New DelhI; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चंद्र मिशन चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण पर भारत के वैज्ञानिकों के अथक समर्पण की सराहना की.

एलवीएम3-एम4 रॉकेट द्वारा प्रक्षेपित चंद्रयान -3 ने आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से दोपहर 2:35 बजे उड़ान भरी. इसरो के एक ट्वीट को साझा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, "चंद्रयान -3 ने भारत के अंतरिक्ष अभियान में एक नया अध्याय लिखा है. यह हर भारतीय के सपनों और महत्वाकांक्षाओं को ऊपर उठाते हुए ऊंची उड़ान भर रहा है. यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हमारे वैज्ञानिकों के अथक समर्पण का प्रमाण है. मैं उनकी भावना और सरलता को सलाम करता हूं!"

इससे पहले आज सुबह एक के बाद एक कई ट्वीट करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसरो के तीसरे चंद्र मिशन के लिए अपनी शुभकामनाएं भेजी थीं. मोदी फिलहाल फ्रांस की दो दिवसीय यात्रा पर हैं.

उन्‍होंने ट्वीट किया था, "चंद्रयान-3 मिशन के लिए शुभकामनाएं! मैं आप सभी से इस मिशन और अंतरिक्ष, विज्ञान और नवाचार में हमने जो प्रगति की है, उसके बारे में और अधिक जानने का आग्रह करता हूं. यह जानकर आप सभी बहुत गौरवान्वित महसूस करेंगे."

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "जहां तक भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र का सवाल है, 14 जुलाई 2023 हमेशा सुनहरे अक्षरों में अंकित रहेगा. चंद्रयान-3, हमारा तीसरा चंद्र मिशन, अपनी यात्रा पर निकलेगा. यह उल्लेखनीय मिशन राष्ट्र की आशाओं और सपनों को आगे बढ़ाएगा."