Bharat tv live

MP Election 2023: कमलनाथ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री बने तो लाड़ली बहना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं हो जाएंगी बंद: अमित शाह

 | 
MP Election 2023: कमलनाथ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री बने तो लाड़ली बहना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं हो जाएंगी बंद: अमित शाह

संवाददाता अमित कुमार गुप्ता

करैरा:  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव से पूर्व आज कांग्रेस पार्टी और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को शासन मिलता है तो वो बस अपना घर भरने का काम करती है और कमलनाथ राज्य में आए तो लाड़ली बहना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं बंद हो जाएंगी।

शाह प्रदेश के शिवपुरी के करैरा में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा काे संबोधित करने आए थे। 

इस दौरान उन्होंने कहा कि इस बार मध्यप्रदेश को बीमारू से बेमिसाल राज्य जिसने बनाया, उस डबल इंजन सरकार को चालू रखने के लिए वोट देना है। भाजपा ने सबके कल्याण के लिए काम किया है।

शाह ने कहा कि कांग्रेस को शासन मिलता है तो वो अपना घर भरने का काम करती है। भाजपा विकास करती है। उन्होंने कमलनाथ से सवाल किया कि जब वे 2002 में प्रदेश छोड़ कर गए थे तो यहां का बजट कितना था और अब कितना है। उन्होंने राज्य सरकार के विकास कार्यों की गिनती भी कराई।

शाह ने डॉ भीमराव अंबेडकर का स्मरण करते हुए कहा कि कांग्रेस ने जीवन भर उनका अपमान किया। उन्हें भारत रत्न नहीं देने दिया और संसद में भी नहीं आने दिया। उन्होंने कहा कि दलितों और आदिवासियों के लिए नरेंद्र मोदी सरकार ने लगातार बजट बढ़वाया।

शाह ने कहा कि राज्य में कांग्रेस कमलनाथ को आगे कर रही है। उनके पिछले कार्यकाल में उन्होंने कमीशनखोरी, स्थानंतरण और भ्रष्टाचार जैसे उद्योग राज्य में स्थापित कराए। शिवराज सिंह चौहान सरकार की 51 से ज्यादा गरीब कल्याण योजनाएं बंद कर दीं। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि कमलनाथ आ गए तो लाड़ली बहना योजना भी बंद होगी और किसानों को मिलने वाली 12 हजार रुपए की राशि भी बंद हो जाएगी।