साउथ फिल्मों के फेमस एक्टर विक्रम को शुक्रवार को दिल का दौरान पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। विक्रम की जब तबीयत बिगड़ी तब वो चेन्नई में थे उन्हें चेन्नई के अस्पताल में ही भर्ती करवाया गया है।
अस्पताल में उनकी एंजियोप्लास्ट्री की गई है। सूत्रों के अनुसार एक्टर की हालत स्थिर है। एक्टर की तबीयत खराब होने की खबर सुनकर उनके फैंस उनकी सलामती की दुआ मांग रहे हैं। चियान विक्रम शुक्रवार को बेचैनी हुई जिसके बाद उन्हें कावेरी अस्पताल में दिखाया गया जहां उन्हें भर्ती कर एंजियोप्लास्टी की गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक एक्टर विक्रम को 8 जुलाई को अपनी आगामी फिल्म 'पोन्नियिन सेलवन पार्ट 1' के टीजर लॉन्च में शामिल होना था, लेकिन वक्त को शायद कुछ और ही मंजूर था। यह टीजर लॉन्च इवेंट चेन्नई में हो रहा है। हालांकि, इवेंट के समय में अभी कोई बदलाव नहीं किया गया है। फिल्म में विक्रम लीड रोल में नजर आने वाले हैं। इस एपिक ड्रामा फिल्म के दो पार्ट हैं। ऐश्वर्या राय बच्चन इसी फिल्म से बड़े पर्दे पर चार साल बाद वापसी कर रही हैं। फिल्म को मणिरत्नम ने लिखा है। साथ ही निर्देशन भी इन्होंने ही संभाला है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो विक्रम को आखिरी बार फिल्म 'महान' में देखा गया था। यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर इसी साल के शुरुआत में रिलीज हुई थी। एक्टर ने अपने बेटे ध्रुव विक्रम के साथ स्क्रीन शेयर की थी। फिल्म का निर्देशन कार्तिक सुबाराज ने संभाला था। फैन्स को विक्रम की यह फिल्म काफी पसंद आई थी। सोशल मीडिया पर इनकी एक्टिंग की हर ओर तारीफ हुई थी।
विक्रम ने तमिल, तेलुगु और हिंदी समेत कई भाषाओं में अभिनय किया है। विक्रम को साल 2004 में राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया था, इसके अलावा विक्रम ने अबतक सात फिल्मफेयर पुरस्कार, तमिलनाडु राज्य फिल्म पुरस्कार और तमिलनाडु सरकार का कलैमामणि पुरस्कार भी मिल चुका है। विक्रम ने एक्टिंग की दुनिया में साल 1990 में कदम रखा था। फिल्म 'सेतु' से यह काफी मशहूर हो गए थे.