एक मॉडल को रेस्टोरेंट से शराब चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। चोरी की गई शराब की कीमत 20 करोड़ रुपये के करीब है। 29 साल की मॉडल को उनके एक साथी के साथ अरेस्ट किया गया है। पुलिस ने बताया कि चोरी के लिए पहले रेकी की गई थी। मॉडल का नाम प्रिसिला लारा ग्वेरा है। शराब चोरों को पकड़ने के लिए इंटरपोल के साथ 4 देशों की पुलिस खोजबीन कर रही थी।
मेक्सिकन ब्यूटी क्वीन के रूप में मशहूर प्रिसिला लारा ग्वेरा मिस अर्थ 2016 रह चुकी हैं। उन्हें हाल ही में एक रोमानियाई-डच साथी के साथ गिरफ्तार किया गया है। उन पर आरोप है कि पिछले साल अक्टूबर में क्रोएशिया के एक लग्जरी रेस्टोरेंट से उन्होंने करीब 20 करोड़ रुपए की शराब चुराई थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने रेस्टोरेंट में किचन सर्विस बंद होने के बाद वेटर को ऑर्डर देकर उसका ध्यान बंटाया। इसके बाद मास्टर की से दरवाजा खोलकर शराब के गोदाम में घुसे। प्रिसिला और उनके साथी ने 19वीं सदी की बेशकीमती शराब के साथ 45 बोतल वाइन अपने बैग में रखा और फिर रेस्टोरेंट छोड़कर निकल गए।
CCTV फुटेज के आधार पर चोरी पकड़ी गई। इसके बाद प्रिसिला और उनके साथी की तलाश के लिए स्पेनिश, डच, क्रोएशियाई और रोमानियाई पुलिस के साथ इंटरपोल की मदद ली गई। आखिर में बॉर्डर पार करते वक्त उन्हें क्रोएशिया की पुलिस ने पकड़ लिया। फिलहाल, प्रत्यर्पण की प्रक्रिया अभी लंबित है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह जोड़ा क्रोएशिया में ही रह रहा था। उन्हें अब स्पेन प्रत्यर्पित किया जाना है।