राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर अशोभनीय टिप्पणी करने के आरोप में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी पर MP में दर्ज FIR

कांग्रेस नेता अधीर रंजन मुश्किल में फंस गए हैं। राष्ट्रपति को लेकर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कल अशोभनीय बयान दिया था जिसके बाद से BJP लगातार उनपर हमलावर है। अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ मध्यप्रदेश के डिंडौरी में FIR दर्ज की गई है। आदिवासी नेता और BJP के राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे की शिकायत पर डिंडोरी कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया है।
BJP नेता ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा आदिवासी समाज को आहत करने वाला बयान दिया है और आदिवासी समाज का अपमान किया है। जिसको लेकर उनके के खिलाफ डिंडोरी कोतवाली थाना में लिखित शिकायत दर्ज करवाकर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की गई है।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के बयान के खिलाफ सत्ताधारी BJP में रोष व्याप्त है। प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के जिला मुख्यालयों में पैदल मार्च कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया। राजधानी भोपाल में मिण्टो हॉल में गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा , विधायक रामेश्वर शर्मा, मंत्री विश्वास सारंग, महापौर मालती राय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन पर बैठे। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई।
दरअसल बुधवार को एक निजी चैनल के कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘‘राष्ट्रपत्नी” कहकर संबोधित किया था, जिसके बाद BJP में उबाल है। अधीर रंजन ने राष्ट्रपति के लिए राष्ट्रपत्नी शब्द का इस्तेमाल किया था। इस टिप्पणी के बाद से अधीर रंजन घिर गए है।
वहीं इस मामले में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं कि भारत की राष्ट्रपति चाहे कोई भी हो वे हमारे लिए राष्ट्रपति ही हैं। ये शब्द बस एक बार निकला है। ये चूक हुई है। लेकिन सत्ताधारी पार्टी के कुछ लोग राई का पहाड़ बना रहे हैं।
इसके साथ ही अधीर रंजन ने लोकसभा में अध्यक्ष से अनुरोध किया है कि उन्हें उनके बयान के लिए लगाए गए आरोपों पर उन्हें सदन के पटल पर बोलने का मौका दिया जाए, उन्होंने इस पर एक पत्र भी दिया है। अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि मेरे जुबान से गलती से राष्ट्रपत्नि निकला, मैंने अपनी गलती स्वीकारी है। वे चुनाव के दौरान सोनिया गांधी के बारे में क्या कहते हैं? शशि थरूर की पत्नी और रेणुका चौधरी के बारे में क्या कहा? मैंने राष्ट्रपति से समय मांगा, मैं उनसे बात कर माफी मांगूंगा।