Bharat tv live

धोनी बने IPL में अर्धशतक जड़ने वाले उम्रदराज बल्‍लेबाज, इस भारतीय का तोड़ा रिकॉर्ड

 | 
धोनी बने IPL में अर्धशतक जड़ने वाले उम्रदराज बल्‍लेबाज, इस भारतीय का तोड़ा रिकॉर्ड

आईपीएल (IPL 2022) के पहले मुकाबले के दौरान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने एक नया कीर्तिमान अपने नाम कर लिया. उन्‍होंने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ सीजन के पहले मैच में 38 गेंदों पर 50 रन की नाबाद पारी खेली.

वो अब आईपीएल के इतिहास में अर्धशतक बनाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं. आज माही ने 40 साल और 262 दिन की उम्र में आईपीएल फिफ्टी जड़ी है. इससे पहले आईपीएल में सर्वाधिक उम्र में अर्धशतक 40 साल 116 दिन की उम्र में जड़ा गया था. ये रिकॉर्ड भारत के मौजूदा मुख्‍य कोच राहुल द्रविड़ के नाम था.

आज के मैच की बात की जाए तो वो जिस वक्‍त बल्‍लेबाजी के लिए आए थे सीएसके का स्‍कोर पांच विकेट के नुकसान पर 61 रन था. 11वां ओवर खत्‍म होने को था. धोनी ने यहां से नए कप्‍तान रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर मोर्चा संभाला. दोनों ने यहां से अंत तक बल्‍लेबाजी की और टीम के स्‍कोर को 131 तक लेकर पहुंचे. इस दौरान धोनी ने सात चौकों और एक छक्‍के की मदद से 38 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया.

धोनी अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट से साल 2020 में ही संन्‍यास ले चुके हैं. ऐसे में वो केवल आईपीएल के दौरान ही प्रतिस्‍पर्धी क्रिकेट में खेलते हुए नजर आते हैं. बीते साल अक्‍टूबर में इसी टूर्नामेंट के दौरान माही ने आखिरी बार बल्‍ला थामा था. छह महीने से भी अधिक वक्‍त बाद धोनी ने फिर क्रिकेट के मैदान पर वापसी की और आते ही अर्धशतक जड़ दिया. पूर्व कप्‍तान द्वारा इस उम्र में एक के बाद एक विस्‍फोटक पारियां खेलने से उनके फैन्‍स भी काफी खुश हैं.