Bharat tv live

Rajasthan News: खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने राजस्थान में किया 33 खेलो इंडिया केंद्रों का उद्घाटन

 | 
Rajasthan News: खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने राजस्थान में किया 33 खेलो इंडिया केंद्रों का उद्घाटन

Jaipur: केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम से प्रदेश के 33 जिलों में खेलो इंडिया केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश में पिछले कुछ सालों में खेलों में बड़ा बदलाव आया है। इस बदलाव में 'खेलो इंडिया' की बड़ी भूमिका रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि खेल राज्य का विषय है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार भी देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए कृतसंकल्पित है। उन्होंने कहा कि यदि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर खेलों को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त रूप से काम करेंगे तो देश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में निश्चित रूप से बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे और भारत के लिए और अधिक पदक आएंगे। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने राजस्थान में अतिरिक्त 18 खेलो इंडिया केंद्रों के साथ एक समर्पित खेल विज्ञान केंद्र व एक राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए जाने की भी घोषणा की।

उल्लेखनीय है कि देशभर में 23 राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र हैं। इस प्रकार 18 अतिरिक्त केन्द्र स्थापित होने के बाद राजस्थान में खेलो इंडिया केंद्रों की कुल संख्या 51 हो जाएगी। उन्होंने देशभर के खेलो इंडिया केन्द्रों के बीच प्रतिस्पर्धा कराने की भी घोषणा की। साथ ही 'कोचिंग द कोच' कार्यक्रम के अंतर्गत खेलो इंडिया के कोचों को प्रशिक्षण देने की भी घोषणा की।

खेलो इंडिया योजना और टारगेट ओलंपिक पोडियम योजनाओं की सफलता का उल्लेख करते हुए केंद्रीय खेल मंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के परिणामस्वरूप पिछले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमारे खिलाड़ी ओलंपिक, पैरालंपिक व राष्ट्रमंडल खेलों में अधिक पदक जीतने में सफल हुए हैं। वहीं थॉमस कप जैसी खेल प्रतियोगिताओं में भी हमने जीत हासिल की है। हमारी खिलाड़ी अंतिम पंघाल ने दो बार यू20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप जीतकर इतिहास रचा है।

साथ ही शतरंज खिलाड़ी प्रगनानंद ने फाइड विश्व कप के फाइनल में पहुंचकर देश को गौरवान्वित किया है। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि पिछले 60 वर्षों में, विश्व विश्वविद्यालय खेलों में केवल 18 पदक मिले थे, जबकि इस साल आयोजित टूर्नामेंट में हमने 26 पदक जीते हैं।

खेलो इंडिया के महत्व का उल्लेख करते हुए केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस सफलता में खेलो इंडिया की एक बड़ी भूमिका है। हर साल, कई एथलीट युवा, विश्वविद्यालय और शीतकालीन खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले पा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने उम्मीद जताई कि इन खेलो इंडिया केंद्रों के माध्यम से राजस्थान के अधिक से अधिक एथलीट यहां से तैयार होंगे।

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि वर्तमान में 17,000 से अधिक एथलीट खेलो इंडिया केन्द्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और इन केन्द्रों पर देशभर में 699 पूर्व चैंपियन एथलीटों को प्रशिक्षित करने का दायित्व दिया गया है। भारत में 960 खेलो इंडिया केंद्र हैं, जिनमें से 715 में प्रशिक्षण चल रहा है। राजस्थान में कुल 33 खेलो इंडिया केंद्र हैं, जिनमें से 32 क्रियाशील हैं। ये केंद्र साइकिलिंग, बास्केटबॉल, वुशु, हॉकी जैसे खेलों का प्रशिक्षण दे रहे हैं। ब्लॉक या जिला स्तर पर स्कूलों, संगठनों में उपलब्ध मौजूदा बुनियादी खेल ढांचे के उपयोग को बढ़ाने के लिए, छोटे खेलो इंडिया केंद्र जमीनी स्तर पर अपनी भूमिका निभा रहे हैं।