Bharat tv live

चेन्नई पहुंचे राहुल गांधी, तमिलनाडु कांग्रेस को बूथ स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर करेंगे मंथन

 | 
चेन्नई पहुंचे राहुल गांधी, तमिलनाडु कांग्रेस को बूथ स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर करेंगे मंथन

चेन्नई: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को चेन्नई पहुंचे, जहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट पर तमिलनाडु कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मणिकम टैगोर, राज्य सरकार के मंत्री पी. विश्वनाथन समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

एयरपोर्ट से राहुल गांधी सीधे ईस्ट कोस्ट रोड के रास्ते मामल्लापुरम के लिए रवाना हुए। यहां तमिलनाडु कांग्रेस की ओर से जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर का समापन सत्र हो रहा है। इस शिविर में राज्यभर के 74 जिला कांग्रेस अध्यक्ष हिस्सा ले रहे हैं।

राहुल गांधी समापन सत्र में जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक और राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करेंगे। बताया जा रहा है कि यह बैठक पूरी तरह बंद कमरे में होगी, जिसमें केवल जिला अध्यक्ष और चुनिंदा वरिष्ठ नेता ही शामिल रहेंगे।

बैठक का मुख्य फोकस तमिलनाडु में कांग्रेस के संगठन को बूथ और जिला स्तर पर मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और आने वाले राजनीतिक मुकाबलों के लिए पार्टी को तैयार करना होगा।

शाम करीब चार बजे राहुल गांधी पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ एक अलग बैठक भी करेंगे। इसमें तमिलनाडु कांग्रेस की मौजूदा संगठनात्मक स्थिति, भविष्य की रणनीति और राज्य में पार्टी के विस्तार को लेकर मंथन होने की संभावना है।

यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब कांग्रेस करीब छह दशक बाद तमिलनाडु की सत्ता में साझेदार बनी है। ऐसे में पार्टी राज्य में अपनी राजनीतिक पकड़ और संगठनात्मक मजबूती को और बढ़ाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।