Bharat tv live

Bihar News: राहुल और तेजस्वी ने भागलपुर में किया रोड शो, सड़कों पर युवाओं और कार्यकर्ताओं का ज़बरदस्त उत्साह

 | 
Bihar News: राहुल और तेजस्वी ने भागलपुर में किया रोड शो, सड़कों पर युवाओं और कार्यकर्ताओं का ज़बरदस्त उत्साह

छठे दिन राहुल गांधी भागलपुर पहुँचे। उनके साथ विपक्ष के नेता और पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और वीआईपी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी भी मौजूद रहे। राहुल और तेजस्वी ने शहर में रोड शो किया, जहाँ सड़कों पर युवाओं और कार्यकर्ताओं में ज़बरदस्त उत्साह देखा गया। लोग काफिले के पीछे दौड़ते नज़र आए और हज़ारों की संख्या में लोग उनकी एक झलक पाने के लिए सड़क किनारे जमा हो गए।

भागलपुर में राहुल गांधी ने मतदाताओं से सीधा संवाद किया और भाजपा पर मतदाता सूची में छेड़छाड़ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली हुई थी। महाराष्ट्र से सबूत सामने आए हैं कि चुनाव आयोग और भाजपा मिलकर हेराफेरी कर रहे थे। जिन लोगों ने सिर्फ़ विधानसभा में वोट दिया था, उनके वोट भी भाजपा गठबंधन के खाते में जोड़ दिए गए। इससे विपक्ष के वोट कम नहीं हुए, बल्कि भाजपा को अतिरिक्त फ़ायदा हुआ।

राहुल गांधी ने दावा किया कि बिहार में भी यही खेल दोहराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछली बार गठबंधन की हार का मुख्य कारण भी यही था। हर राज्य में भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर वोट चुरा रहे हैं, लेकिन इस बार विपक्ष पूरी तरह सतर्क है और बिहार में एक भी वोट नहीं चुराने दिया जाएगा।

महागठबंधन की बदलाव यात्रा के लिए भागलपुर में प्रशासन ने सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के कड़े इंतजाम किए हैं। रोड शो के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। राहुल गांधी ने कहा कि इस यात्रा ने साफ दिखा दिया है कि बिहार की जनता बदलाव चाहती है और विपक्ष को पुरजोर समर्थन दे रही है।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज नवगछिया में रात्रि विश्राम करेंगे। प्रशासन ने दोनों नेताओं के ठहरने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड में है। यात्रा में भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था भी की गई है।