अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में चार मॉडल ट्रैफिक पोस्ट का दिया तोहफा

पटना: शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर चार मॉडल ट्रैफिक पोस्ट का तोहफा प्रदेश के लोगों को दिया। आपको बता दें कि चिड़िया घर गेट नंबर-2, सगुना मोड़, नवीन सचिवालय मोड़ और हड़ताली मोड़ पर मॉडल ट्रैफिक पोस्ट कार्यरत होंगे। इस मॉडल ट्रैफिक पोस्ट में महिला सिपाहियों की नियुक्ति होगी।
पुलिस अधिकारी दीक्षा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चार मॉडल ट्रैफिक पोस्ट का उद्घाटन मुख्यमंत्री ने किया। इन पोस्ट में महिलाओं का पदस्थापन किया जाएगा। यहां महिलाएं ड्यूटी देंगी और क्विक रिस्पॉन्स दे सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने जदयू कार्यालय में नारी शक्ति सम्मेलन का उद्घाटन किया। जदयू कार्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित नारी शक्ति सम्मेलन में शामिल महिलाओं से मुलाकात कर मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "किसी भी राज्य या देश के विकास में महिलाओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। महिलाओं के सशक्तीकरण तथा उनकी सुरक्षा, शिक्षा एवं सामाजिक तथा आर्थिक विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयत्नशील है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि महिलाओं के उत्थान के प्रति सदैव प्रयत्नशील रहें ताकि उनका सामाजिक एवं आर्थिक विकास हो सके।