Bharat tv live

कांग्रेस की जहां-जहां सरकार है, वहां बेरोजगार युवकों को नौकरी देने की बात करनी चाहिए : उपेंद्र कुशवाहा

 | 
उपेंद्र कुशवाहा 
पटना: कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को बिहार की एकदिवसीय यात्रा में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बिहार यात्रा को लेकर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने तंज कसा है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि जहां-जहां कांग्रेस की सरकार है, वहां जाकर उन्हें बेरोजगार युवकों को नौकरी देने की बात करनी चाहिए।

उन्होंने कि कांग्रेस पार्टी चुनाव के समय सिर्फ लोगों को आकर्षित करने के लिए ऐसे बयान देती है। राहुल गांधी भी यहां आकर यही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद 60 साल उनकी सरकार थी। फिर बाद में 15 साल राजद के साथ मिलकर सरकार चलाई। उन्होंने क्या दुर्दशा कर रखी थी, यह बात किसी से छुपी हुई है क्या? वह कुछ भी कर लें, बिहार में महागठबंधन की दाल नहीं गलने वाली है। बेगूसराय में भी 'पलायन रोको, नौकरी दो' यात्रा में वे 30 मिनट तक ही रहे और चले गए। उन्हें भी यह बात मालूम है कि बिहार में कांग्रेस का कुछ नहीं होने वाला है।

सदाकत आश्रम की बैठक के दौरान हंगामा और कार्यकर्ताओं के दो गुटों में मारपीट को लेकर उन्होंने कहा कि यह उनकी नियति है। यही उनकी आंतरिक बनावट है और यही होगा। ऐसी स्थिति में वे जनता की क्या बात करेंगे। आपको बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी उस समय प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम में ही मौजूद थे।