Bharat tv live

CG News: सीएम साय ने रावणभाठा दशहरा मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपये की राशि की घोषणा की

 | 
CG News: सीएम साय ने रावणभाठा दशहरा मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपये की राशि की घोषणा की

संवाददाता- गेंदलाल निषाद

Raipur: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज विजयादशमी पर्व के अवसर पर श्री दूधाधारी मठ रावणभाठा के दशहरा मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विजयादशमी का पर्व बुराई को त्याग कर सत्य की राह अपनाने प्रेरित करता है । मुख्यमंत्री साय ने रावण भाठा दशहरा मैदान के सौंदर्यीकरण और उसे व्यवस्थित करने के लिए 50 लाख रुपये की राशि की घोषणा की। रावण दहन कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने भगवान बालाजी की आरती में हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आज रावण भाठा के विशाल मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में उपस्थित आप सभी लोगों के साथ-साथ पूरे प्रदेश की जनता को विजयादशमी पर्व की बहुत-बहुत बधाई देता हूँ। मैं सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति का इस कार्यक्रम में आमंत्रण के लिये आभार व्यक्त करता हूँ । मुझे यहां आकर बहुत प्रसन्नता हो रही है। मुझे जानकारी दी गयी है कि इस मैदान पर दशहरा पर्व पर रावण दहन कार्यक्रम का यह 170वां वर्ष है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विजयादशमी का त्योहार असत्य पर सत्य की जीत का त्योहार है। यह बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है। छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की भूमि है और भगवान राम का ननिहाल है। इस वर्ष विजयादशमी पर्व बहुत खास है क्योंकि इस बार भगवान श्री राम भव्य मंदिर में प्रतिष्ठित हुए हैं।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रावण भाठा में यह 170 साल पुराना दशहरा मैदान है। यह गौरवशाली और वैभवशाली दशहरा पर्व है जिसे दूधाधारी मठ द्वारा हर वर्ष आयोजित किया जा रहा है। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि हम हमारे देश की पुरानी विरासत को सहेजते हुए विकास के पथ पर अग्रसर हों। 9 दिन नवरात्रि पर्व मनाया गया है। माता दुर्गा और प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि वे सभी के जीवन में खुशहाली लायें।

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री व विधायक कवासी लखमा, अंजय शुक्ला, सुभाष तिवारी, मनोज वर्मा, सुशील ओझा, उमेश गुप्ता, आकाश विग सहित सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति के सदस्य व विशाल जनसमूह उपस्थित था।