भाजपा सरकार जनता और क्षेत्र के विकास की योजनाएं बनाकर उन्हें पूरा कर रही है - डॉ. मोहन यादव
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों से संगठन और सरकार के समन्वय को और मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि विधायकगण अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद स्थापित करें, विशेष रूप से बूथ स्तर तक सक्रिय संपर्क बनाए रखें, ताकि संगठन की ताकत और जनविश्वास दोनों सुदृढ़ हों। प्रदेश सरकार विकासात्मक कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है। सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और रोजगार जैसे क्षेत्रों में जो योजनाएं लागू की गई हैं, उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए और जहां आवश्यकता हो, वहां त्वरित निर्णय लेकर कार्यों को गति दी जाए। जनहितैषी योजनाएं ही भाजपा सरकार की पहचान हैं। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, युवा रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए जमीनी स्तर पर सतत प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि विधायक और पार्टी पदाधिकारी गांव-गांव जाकर जनता से संवाद करें, उनकी समस्याएं सुनें और त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। विपक्ष को जनप्रतिनिधि तथ्यों और उपलब्धियों के आधार पर मजबूती से जवाब दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियां और निर्णय पूरी तरह पारदर्शी एवं जनहित में हैं। विपक्ष के भ्रामक प्रचार का तथ्यात्मक और तार्किक उत्तर देना आवश्यक है, ताकि जनता के बीच सही जानकारी पहुंचे। संगठन की मजबूती, विकास कार्यों की गति और जनता के प्रति संवेदनशीलता इन तीनों आधारों पर ही प्रदेश को आगे बढ़ाया जा सकता है। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार दीनदुखियों की सेवा और जनकल्याण को सर्वाेच्च प्राथमिकता मानकर कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश बजट 2026-27 केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि विकास, निवेश और जनहित के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का सशक्त संकल्प है। सभी जनप्रतिनिधि मिलकर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं और मध्यप्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ कार्य करें।
जनसमस्याओं के समाधान और योजनाओं का प्रचार हमारी दोहरी जिम्मेदारी- हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विचारधारा आधारित दल है। हमारे दल में प्रशिक्षण सतत प्रक्रिया है। आज प्रदेश कार्यालय में प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न हुई है। यह प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा, दिशा और कार्यकुशलता प्रदान करता है। हमारा उद्देश्य यह है कि प्रशिक्षण के माध्यम से प्रत्येक कार्यकर्ता तक संगठन की कार्यपद्धति और विचारधारा की स्पष्ट जानकारी पहुंचे, ताकि उनका जुड़ाव हमेशा पार्टी की मूल भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ बना रहे। उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 24 फरवरी को मुंबई में राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश स्तर से प्रमुख सदस्य सहभागिता करेंगे। इसके बाद 7 अप्रैल से 14 अप्रैल तक मंडल स्तर पर और 15 अप्रैल से 20 मई तक जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यशालाओं में संगठन की कार्यपद्धति, वैचारिक आधार, जनसंपर्क तंत्र और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि बूथ-मंडल से जिला स्तर तक संगठनात्मक मजबूती सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि आप सभी क्षेत्र के सम्मानित विधायक हैं। जनता की सेवा के लिए आप राजनीति में आए हैं। विधायकों की दोहरी भूमिका है। एक ओर क्षेत्र की समस्याओं का समाधान और दूसरी ओर सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना। पार्टी की गतिविधियों में विधायकगण अपनी भागीदारी और अधिक सुनिश्चित करें। केन्द्र सरकार के बजट को हम सभी ने आमजन तक पहंुचाया हैं, अब हमें प्रदेश सरकार के बजट को आमजन तक पहंुचाकर सरकार की योजनाओं से उन्हें अवगत कराना है। उन्होंने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए सफल बनाने का आव्हान किया।
हमें अपने आचरण और व्यवहार से जनता का दिल जीतना है - अजय जामवाल
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र की सरकार जनता के हितों को ध्यान में रखकर अधिकांश निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि हमें अपने आचरण और व्यवहार से जनता का दिल जीतना है। हमें अपनी कमियां दूर कर केन्द्र और प्रदेश की योजनाओं को आमजन तक पहंुचाना है। अपने क्षेत्र की जनता के हितों के लिए उनके बीच जाकर, जनता से विचार-विमर्श कर क्षेत्र के विकास की योजनाएं बनानी हैं। साथ ही केंद्र सरकार और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को उन योजनाओं का लाभ दिलाना है। जनता और क्षेत्र के विकास के लिए और क्या बेहतर हो सकता है इसको लेकर कार्य करें और रणनीति बनाएं। अपने-अपने बूथ में लोगों को और अधिक संख्या में जोड़कर सशक्त बनाना है। मध्यप्रदेश की सरकार एक आदर्श सरकार बनें, इसके लिए विधायकगणों को अपने-अपने क्षेत्रों का चहंुमुखी विकास में अधिक ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सोशल मीडिया के माध्यम से गलत तथ्यों को प्रचारित करके नेरेटिव सेट करने का प्रयास करती है। हमें विपक्ष के आरोपों को सोशल मीडिया के माध्यम से तथ्यों के साथ जवाब देकर जनता को अवगत कराना है।
देश और प्रदेश को दुनिया में नंबर एक बनाना हमारा दायित्व - डॉ. महेन्द्र सिंह
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री डॉ. नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश का बजट दीनदुखियों की सेवा और जनकल्याण को सर्वाेच्च प्राथमिकता मानकर बनाया गया है। वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमन जी द्वारा प्रस्तुत केन्द्रीय बजट विकसित भारत के अटल संकल्प को पूरा करने के लिए एक मजबूत मार्ग प्रशस्त करेगा। केन्द्र और प्रदेश का बजट यह स्पष्ट संदेश देता है कि विकास, विश्वास और समावेशन तीनों सरकार की शीर्ष प्राथमिकताएँ हैं। यह बजट विकास, निवेश और जनहित के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का सशक्त संकल्प है। उन्होंने विधायकगणों से कहा कि यह केन्द्रीय एवं प्रदेश का बजट बजट गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक और उद्यमी सभी वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बने, यह सुनिश्चित करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आह्वान किया कि विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जनसंवाद स्थापित कर बजट के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दें, विकास योजनाओं की प्राथमिकता तय करें और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की ठोस कार्ययोजना बनाएं। संगठन और सरकार के समन्वय से ही बजट के प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है। सभी जनप्रतिनिधि गांव-गांव जाकर जनता से संवाद करें, विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करें और सुनिश्चित करें कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र हितग्राहियों को मिले। उन्होंने कहा कि देश में 2315 विधायक एनडीए के हैं और भाजपा के 1680 विधायक है। 181 एमएलसी एनडीए के हैं और 165 भाजपा के हैं। दोनों मिलाकर भाजपा के 2496 विधायक हैं, वहीं मध्यप्रदेश में 164 विधायक हैं। हमें बिना रूके जनता की सेवा में आगे बढते हुए देश और प्रदेश को दुनिया में नंबर एक बनाना हमारा दायित्व है।

