Bharat tv live

कांग्रेस ने बाबा साहब के विचारों के साथ सदैव अन्याय किया - डॉ. महेन्द्र सिंह

 | 
 कांग्रेस ने बाबा साहब के विचारों के साथ सदैव अन्याय किया - डॉ. महेन्द्र सिंह

विदिशा। संविधान निर्माता, भारत रत्न बाबा साहव डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को विदिशा के रविन्द्रनाथ टैगोर सभागार में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के रूप में महू में दिव्य आत्मा का अवतरण हुआ था, जिन्होंने भारत को संविधान देकर देश को सजाने व संवारने का कार्य किया है। बाबा साहब अंबेडकर का जन्म 19वीं शताब्दी में हुआ, उन्होंने काम 20वीं शताब्दी में किया और 21वीं शताब्दी में उनकी चर्चा हो रही है, तीन-तीन शताब्दी बाबा साहब को समर्पित हैं। बाबा साहब अंबेडकर जी के साहित्य को कांग्रेस ने गायब कर दिया, लेकिन प्रधानमंत्री जी ने कहा कि हम बाबा साहब के साहित्य को लोगों तक पहुंचाने का काम करेंगे। कांग्रेस ने बाबा साहब के विचारों के साथ सदैव अन्याय किया और जनता के बीच झूठ परोसते रहे। हम गांव, बस्ती और द्वार-द्वार जाकर बाबा साहब के सच को रखेंगे। पहले सुप्रीम कोर्ट में एक भी दलित जज नहीं था, आज तीन-तीन जज हैं और रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष भी दलित समाज से हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सशक्त, समृद्ध और शक्तिशाली देश बना है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत आतंकवाद को लेकर जीरो टालरेंस की नीति पर काम कर रहा है और पहलगाम हमले के आतंकवादियों और साजिशकर्ताओं को मिट्टी में मिलाने का काम किया जाएगा।

कांग्रेस ने संविधान की प्रस्तावना में संशोधऩ कर संविधान की आत्मा को ठेस पहुंचाई

भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान की आत्मा उसकी प्रस्तावना है। संविधान की प्रस्तावना में संशोधऩ कर संविधान की आत्मा को कांग्रेस ने ठेस पहुंचाई है। कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब को तिरस्कृत करने के साथ उनके किए गए कार्यों को भी तिरस्कृत किया है। बाबा साहब द्वारा बनाए गए मूल संविधान को ही कांग्रेस पार्टी ने गायब कर दिया। बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान में राम दरबार के साथ भगवान श्रीकृष्ण और हनुमान जी सहित सनातन के अनेक देवी-देवताओं को समाहित किया था, लेकिन कांग्रेस ने इन्हें भी संविधान से हटाने का कार्य किया। बाबा साहब के सामाजिक समरसता के कार्यों को रोकने और उन्हें राजनीति में आगे नहीं आने देने के लिए चुनाव हराने का कार्य कांग्रेस ने किया। कांग्रेस ने बाबा साहब द्वारा अनुसूचित जाति और अनसूचित जनजाति वर्ग के कल्याण व आर्थिक उत्थान के लिए दिए गए आरक्षण को रोकने का भी प्रयास किया था। कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब को हमेशा अपमानित किया है। 

प्रधानमंत्री ने धारा 370 हटाकर बाबा साहब के सपने को साकार किया

भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर कभी नहीं चाहते थे कि जम्मू-कश्मीर में धारा 370 लागू हो पर तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने उनकी सहमति के खिलाफ संविधान में संशोधन करते हुए 370 और अनुच्छेद 35ए लागू कर दिया था। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर संविधान निर्माता, भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के सपने को पूरा किया है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जिस भारत का सपना देखा था, उनके सपनों का भारत बनाने का कार्य प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने बाबा साहब की जन्म स्थली सहित पांच स्थानों को पंचतीर्थ बनाने का कार्य किया है। डॉ. अम्बेडकर के विचार और उनके द्वारा रचित संविधान हम सभी को समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व की प्रेरणा देते हैं। हम सभी को बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने के साथ उनके बताए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है, तभी देश तीव्रगति से आगे बढ़ेगा और अपने पुराने वैभव को प्राप्त करेगा। 

कांग्रेस ने संविधान का दुरूपयोग कर देश की गैर कांग्रेसी सरकारों को गिराने का पाप किया 

भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू की कोशिश होती थी कि बाबा साहब देश की आर्थिक नीति हो या विदेश नीति किसी में शामिल न हो सकें। बाबा साहब को कांग्रेस ने जीते जी तो अपमानित किया ही, मृत्यु के बाद भी उनको अपमानित करने का काम किया। हजारों साल भारत गुलाम था। गुलामी के दौरान हमारी संस्कृति व सभ्यता को नष्ट करने का कार्य दुश्मनों ने किया। लाखों लोगों के बलिदान के बाद भारत आजाद हुआ और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने एक श्रेष्ठ भारत की संकल्पना के साथ संविधान की रचना की, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने देश में आपातकाल लगाकर बाबा साहब के संविधान का गला घांटने का कार्य किया। कांग्रेस ने एक बार नहीं अनेकों बार संविधान का दुरूपयोग कर देश की चुनी हुई गैर कांग्रेसी सरकारों को गिराने का पाप किया है। 
संगोष्ठी को विधायक प्रभुराम चौधरी ने भी संबोधित किया। इस दौरान मंच पर जिला अध्यक्ष  महाराज सिंह दांगी, विधायक  हरि सप्रे, उमाकांत शर्मा,  मुकेश टंडन,  रवि पंथी,  प्रीति राकेश शर्मा एवं पूर्व पार्षद  विनीता राय उपस्थित रहीं।