Bharat tv live

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों की सतत मॉनीटरिंग, प्रभास और वीरा का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

 | 
कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों की सतत मॉनीटरिंग, प्रभास और वीरा का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

Bhopal: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान में बीते चार माह में 8 चीतों की मौत के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के सख्त निर्देश पर वन अमला अलर्ट मोड में आ गया है। यहां नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से लाकर बसाए गए चीतों की सतत निगरानी की जा रही है। मंगलवार को भी 2 चीतों प्रभास और वीरा का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

प्रदेश के प्रधान मुख्य वन संरक्षक असीम श्रीवास्तव ने बताया कि कूनो में मंगलवार को नर चीता प्रभास एवं मादा चीता वीरा के स्वास्थ्य परीक्षण बाड़े में किया गया। दोनों चीते स्वस्थ हैं। अगले स्वास्थ्य परीक्षण तक दोनों को बाड़े में रखा जाएगा।

उन्होंने बताया कि कूनो वन्य-प्राणी चिकित्सक टीम और नामिबिया एवं दक्षिण अफ्रीका के विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। अब तक 6 चीतों के रेडियो कॉलर हटाये गये हैं। कुल 11 चीतों को बोमा रखा गया है, इनमें 6 नर और 5 मादा चीते शामिल हैं। सभी को अगले स्वास्थ्य परीक्षण तक विशेष निगरानी में रखा गया है।

उल्लेखनीय है कि देश में विलुप्त हो चुके चीतों को पुनः बसाने के लिए चीता प्रोजेक्ट के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 17 सितंबर 2022 को अपने जन्मदिन के मौके पर कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से लाए गए 8 चीतों को बाड़ों में रिलीज किया था। इसके बाद 12 चीते दक्षिण अफ्रीका से यहां लाए गए थे। इन से एक मादा चीता ने यहां चार शावकों को जन्म दिया था।

इस तरह कूनो में चीतों की कुल संख्या 24 हो गई थी, लेकिन बीते 4 महीने में यहां 8 चीतों की मौत हो चुकी है। इनमें 5 चीते और तीन शावक शामिल हैं। अब यहां 15 चीते और एक शावक है, जिनकी सतत निगरानी की जा रही है।