MP: सशक्त नारी से ही प्रदेश और देश बन रहा सशक्त और समृद्ध - डॉ. मोहन यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में एक करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनों के बैंक खातों में राशि अंतरित करने के साथ 26 लाख से अधिक महिलाओं को घरेलू गैस सिलेंडर रिफिलिंग की राशि अंतरित की।
समारोह में महिला बाल विकास विभाग के राज्य-स्तरीय पुरस्कार वितरित कर आजीविका मिशन के चलित जैविक हाट बाजार के वाहन को हरी झंडी दिखाने के साथ ग्रामीण कौशल योजना में एक हजार युवतियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को समर्थ और सशक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास जारी हैं। सशक्त नारी से ही प्रदेश और देश आज न केवल सशक्त बन रहा है, बल्कि समृद्ध भी हो रहा है। महिलाओं को अधिकार देने से समाज में सकारात्मक बदलाव आते हैं। भारत विश्व का एक मात्र ऐसा देश है जो अनादिकाल से मातृ शक्ति का सम्मान करता रहा है। सनातन संस्कृति में शक्ति, धन आदि को देवियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया है।
अगले लोकसभा चुनाव के बाद संसद में महिलाओं को मिले 33 प्रतिशत आरक्षण की शक्ति परिलक्षित होगी और देश का संचालन महिलाओं के हाथों में होगा। नारी सशक्तिकरण के लिये सरकारी नौकरियों में आरक्षण 33 प्रतिशत से बढ़ाकर अब प्रदेश में 35 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। राज्य सरकार महिला उद्यमिता को भी प्रोत्साहित कर रही है। प्रदेश में स्व-सहायता समूहों की संख्या 5 लाख से अधिक है। बहनों को उद्योग स्थापना के लिए बैंक लोन में अनुदान भी दिया जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं को सशक्त बनाने लोकसभा व विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का कार्य किया है। यह आरक्षण आने वाले सालों में लागू होगा। आने वाले समय में योजनाओं की रणनीति बनाने में महिलाओं की महती भूमिका होगी। समारोह में डिजिटल ई-न्यूज लेटर “आजीविका अनुभूति“ का विमोचन करने के सीहोर जिले के समूह सदस्यों को 200 ई-सायकिल वितरित की गईं। समारोह को प्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद पटेल एवं निर्मला भूरिया ने भी संबोधित किया।
भाजपा सरकार बहनों की जिंदगी बेहतर करने का हर संभव प्रयास कर रही
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार बहनों की जिंदगी बेहतर करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। एक करोड़ 27 लाख बहनों के खाते में 1552.73 करोड़ रूपये की राशि अंतरित की गई है। पिछले एक वर्ष जनवरी 2024 से फरवरी 2025 तक लाड़ली बहनों के खाते में 22 हजार 227.89 करोड़ रूपये की राशि अंतरित की गई है। हम हर महीने लाड़ली बहनों के खातों में राशि भेजकर रक्षाबंधन मना रहे हैं। लाड़ली बहना योजना कभी नहीं रुकेगी, राज्य सरकार के पास संसाधनों की कोई कमी नहीं होगी। नारी सशक्तिकरण के लिए प्रदेश से आरंभ की गई इस योजना का देशभर में अभिनंदन हो रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में 29 लाख बहनों को प्रधानमंत्री उज्जवला गैस योजना की 55 करोड़ 95 लाख की अनुदान राशि सिलेंडर रिफिलिंग के लिए अंतरित की गई है। अब तक 825 करोड़ की राशि बहनों को जारी की जा चुकी है। उज्जवला गैस कनेक्शन के अंतर्गत जारी राशि से महिलाओं को प्रतिदिन ईंधन जुटाने की मजबूरी से मुक्ति मिली है। नारी सशक्तिकरण के लिए चल रहे अभियान में यह गतिविधियां महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। इस दिशा में राज्य सरकार अपने प्रत्येक संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ज्ञान पर ध्यान के अंतर्गत गरीब, युवा, किसान सहित नारी सशक्तिकरण के लिए जारी विशेष प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री का आभार माना।
सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता, सौहार्द और एक का संदेश दे रहे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन मोहन यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत 19 हजार से अधिक बहनों का कन्यादन सरकार की ओर से किया गया है। योजना में हो रहे सामुहिक विवाह सामाजिक समरसता, सौहार्द और एकता का संदेश दे रहे हैं। यह अभियान पवित्रता का संकल्प है, जिसमें अब तक 115 करोड़ से अधिक की राशि खर्च की जा चुकी है। आहार अनुदान योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना आदि के माध्यम से बहनों को सहायता प्रदान करते हुए समर्थ बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना में शहरी क्षेत्र में देश में चार करोड़ से अधिक मकान बनने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लागू इस योजना के अंतर्गत ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में प्रत्येक पात्र व्यक्ति को पक्का मकान उपलब्ध कराया जाएगा।
बेटियों के साथ दुराचार करने वाले दोषियों को फांसी की सजा दिलवाएंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बच्चियों, बालिकाओं, बेटियों के साथ दुराचार करने वालों के विरूद्ध सरकार कठोरतम कदम उठायेगी। दोषियों को फांसी की सजा भी दिलवायेंगे। किसी भी दोषी को किसी भी परिस्थिति में नहीं बखशा जाएगा। मध्यप्रदेश में जोर जबरदस्ती या बहला फुसलाकर विवाह और धर्म परिवर्तन कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिये धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम लागू है। धर्मान्तरण, दुराचरण जैसी किसी भी घटना को हमारी सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। राज्य सरकार ने शासकीय महिला कर्मचारियों को सात दिन का अतिरिक्त आकस्मिक अवकाश और संविदा कर्मचारी बहनों को 180 दिवस का प्रसूति अवकाश देने की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार का हर कदम पर बहनों के साथ है, वे आगे बढ़ें, सरकार उन्हें हर संभव सहायता और मार्गदशन उपलब्ध कराएगी।
प्रधानमंत्री के कार्यों को आगे बढ़ा रहे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव - विष्णुदत्त शर्मा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की सभी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जी-20 समिट की मेजबानी के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया को यह कहकर संदेश दिया था कि आने वाला समय वूमेन लीड डेवलपमेंट यानी महिला नेतृत्व आधारित विकास पर केंद्रीत होगा। प्रधानमंत्री मोदी की उस भावना को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव आगे बढ़ाकर कार्य कर रहे हैं और चाहे स्व सहायता समूह.लाड़ली लक्ष्मी,कन्यादान योजना सहित अन्य योजनाओं के माध्यम से महिला शक्ति को सशक्त करने का काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी ने महिलाओं को सशक्त करने की दिशा में 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था लोकसभा और विधानसभा में की है। आगामी समय में वूमेन लीड डेवलपमेंट ही नहीं,बल्कि संसद और विधानसभा पहुंचकर योजनाओं की रणनीति बनाने में भी महिलाओं की अहम भूमिका होगी। देश में आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाने का काम अगर किसी ने किया है तो भारतीय जनता पार्टी की सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। देश में प्रधानमंत्री जी और प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में एक नहीं अनेक कार्य महिला सशक्तिकरण को लेकर किए जा रहे हैं,जिसका बड़ी संख्या में महिलाओं को लाभ मिलने के साथ-साथ उन्हें अपना जीवन स्तर सुधारने में भी मदद मिल रही है।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद आलोक शर्मा, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी एवं विधायक रामेश्वर शर्मा मंचासीन रहे।