Bharat tv live

MP : सतना जिले में भाजपा विधायक के संरक्षण में हुई भ्रष्टाचार की वर्षा: नालियों और नलों के नाम पर 1.70 करोड़ की लूट : मुकेश नायक

 | 
MP : सतना जिले में भाजपा विधायक के संरक्षण में हुई भ्रष्टाचार की वर्षा: नालियों और नलों के नाम पर 1.70 करोड़ की लूट : मुकेश नायक

चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र (क्रमांक 61) के विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार द्वारा 18 फर्जी या आधे-अधूरे कार्यों के माध्यम से करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये की राशि का बंदरबांट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। यह राशि आर.ई.एस. (Rural Engineering Services) विभाग के माध्यम से नल और नालियों की सफाई के नाम पर स्वीकृत की गई थी।

चौंकाने वाली बात यह है कि इन कार्यों में किसी भी प्रकार का सार्वजनिक हित नहीं दिखता, और भौतिक स्तर पर अधिकांश काम ज़मीन पर दिखाई ही नहीं देते। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस राशि में से 10% कमीशन विभाग को देकर बाक़ी राशि का गबन किया गया, जो मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार की संरक्षित भ्रष्टाचार संस्कृति का ज्वलंत उदाहरण है।

भ्रष्टाचार के पीछे "बरसात प्रसाद" का बहाना!

मानसून के आगमन से पहले "जल निकासी के बहाने" जो यह घोटाला रचा गया है, वह दरअसल बारिश से पहले "बरसात प्रसाद" वसूलने की एक सोची-समझी योजना है। कार्य स्थल पर स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों को कोई जानकारी नहीं दी गई, न ही इन कार्यों की निविदा की पारदर्शिता सुनिश्चित की गई।

मुकेश नायक का सीधा सवाल भाजपा से:

मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया अध्यक्ष मुकेश नायक ने इस पूरे प्रकरण को "भाजपा शासन के घपले और घोटालों की पोल खोलने वाला एक छोटा उदाहरण" बताया।

 उन्होंने कहा:
“अगर बारिश से पहले जल निकासी का पैसा ही डकार लिया जाएगा, तो बारिश में जनता की गली-मोहल्लों में नाव चलानी पड़ेगी। क्या यही है ‘डबल इंजन की सरकार’ का विकास मॉडल? यह पैसा जनता का है, और इसे लूटने वालों की जगह जेल होनी चाहिए।”

जिला कलेक्टर से की गई माँग: तत्काल भौतिक सत्यापन हो
नायक ने सतना के जिला कलेक्टर से इन 18 कार्यों का तत्काल भौतिक सत्यापन करवाने की माँग की है। 

साथ ही उन्होंने चेताया:
यदि प्रशासन ने आँख मूँद ली, तो विपक्ष जनता के साथ सड़कों पर उतरकर इस लूट का हिसाब लेगा। पानी का पैसा पानी में ना जाए, इसलिए हम जवाब मांगते हैं – कहाँ है काम? किसने किया? कितना भुगतान हुआ? और किसको मिला?

भाजपा के लिए जनता की चेतावनी
भाजपा को यह समझना चाहिए कि जनता अब जाग चुकी है। झूठे उद्घाटन, आधे अधूरे काम, और नाम पर नाम की राजनीति अब नहीं चलेगी। भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम अब गांव-गांव में चलाई जाएगी।

नायक ने यह स्पष्ट किया कि
यह सिर्फ शुरुआत है – आने वाले समय में चित्रकूट से लेकर भोपाल तक, हर घोटाले का हिसाब मांगा जाएगा। जनता का हक छीनने वालों को जनता ही जवाब देगी – लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से।