MP News: भाजपा सरकार विरासत को संवारने के साथ विकास कर रही है - डॉ. मोहन यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर कार्यशाला को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकारें विरासत को संवारने के साथ विकास का काम कर रही हैं। यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार तरक्की कर रहा है और भारत विकसित देशों के श्रेणी में चौथे पायदान पर पहुंच गया है। प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपनी सरकारों के कामकाज के दम पर देश और प्रदेश में लगातार सरकारें बना रही हैं। हमें इन कामों, योजनाओं और हमारी सरकार की उपलब्धियों को इस अभियान के दौरान बूथ स्तर तक पहुंचाना है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का मान-सम्मान दुनिया में बढ़ रहा है। डॉ. भीमराव अंबेडकर का हमेशा कांग्रेस ने विरोध किया। कांग्रेस किसी अंग्रेज से संविधान लिखवाना चाहती थी, इसलिए बाबा साहब को चुनाव हरवाने तक का काम किया गया। प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत, महान भारत, स्वर्णिम भारत की जो यात्रा चल रही है, हमें अपने कामों से इस यात्रा में सहभागी बनना है। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपबल्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कार्यकर्ता करेंगे।
जल सरंक्षण में खंडवा ने देश में पहला स्थान हासिल किया - डॉ.मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2014 में सत्ता संभालने के बाद से सत्ता को जनता की सेवा का माध्यम बनाकर निरंतर हर क्षेत्र और वर्ग के कल्याण के कार्य कर रहे हैं। देश में आज विरासत को संजोकर विकास का कार्य हो रहा है। प्रधानमंत्री की जनहितैषी योजनाओं के बल पर आज भारत विकसित देशों के श्रेणी में चौथे पायदान पर पहुंच गया है। आज का भारत मोदी जी के नेतृत्व में सशक्त व सक्षम राष्ट्र के रूप में दुनिया के सामने है। पहलगाम में हुए कायराना आतंकवादी हमले के बाद देश की सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर आतंकवाद के परस्त पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी जी का जम्मू कश्मीर से धारा-370 हटाने का संकल्प प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साकार हुआ है। भगवान श्री राम जी का मंदिर भी बना और तीन तलाक को समाप्त कर दुनिया को दिखाया। आज देश के 140 करोड़ से अधिक जनता हमारे साथ है। कांग्रेस ने आजादी के बाद से ही हिन्दू और मुस्लिम वर्ग में फूट डालकर उनको लड़ाने का कार्य किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर वर्ग की उन्नति के लिए कार्य किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार निरंतर प्रदेश के विकास का कार्य कर रही है। हम सभी कार्यकर्ता राष्ट्रवादी दल के सदस्य हैं। हमारा प्रत्येक त्योहार से सांस्कृतिक संबंध है, इसलिए मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार हर त्योहार को आनंद के साथ जनता के साथ मिलकर मना रही है। मध्यप्रदेश वह राज्य है जहां जनसंघ के समय से हमारे पार्टी की विजय पताका फहराती आई है। प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से अनेक योजनाएं संचालित हैं। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ भाजपा की सरकार आगे बढ़ रही है। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिये जा रहे हैं। देश भर में सबसे पहले एयर एंबुलेंस मध्यप्रदेश में चलाई, जिससे जनता को तुरंत स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले ने जल सरंक्षण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर पूरे भारत में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश में 30 जून तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर जल संरक्षण का कार्य करने में लगी हुई है, ताकि पानी की एक-एक बूंद को सहेजा जा सके।
यह सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने का अवसर है - विष्णुदत्त शर्मा
कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के कामों के आधार पर हमें लगातार जीत मिल रही है। 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी, तो उन्होंने कहा कि यह जीत कांग्रेस के दुरावस्था के दौर के खिलाफ मिली है और जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है। दूसरी बार जब सरकार बनी, तो उन्होंने कहा कि यह जीत गरीब कल्याण की योजनाओं के कारण जनता के जीवन में आए बदलाव के कारण मिली है। तीसरी बार लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस बार हम अपने संगठन की ताकत और कार्यकर्ताओं की मेहनत से चुनाव जीतेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं ने इतिहास रच दिया। बूथ के कार्यकर्ताओं की ताकत परिदृश्य बदल सकती है और सदस्यता अभियान से लेकर अन्य अभियानों में कार्यकर्ताओं ने यह करके भी दिखाया है। उन्होंने कहा कि 9 जून से ‘सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 वर्ष’ अभियान शुरू होने जा रहा है, साथ इस माह में अन्य कार्यक्रम भी होंगे। यह हमारे लिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने का अवसर है। कोई भी बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल छूट न जाए, इसके लिए योजना बनाकर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि समय का सदुपयोग करें और अपने काम के लिए लगातार प्रवास करें। अभियान और कार्यक्रमों की सफलता के लिए अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से समन्वय करें और सभी कार्यक्रमों को संगठन एप, सरल एप, नमो एप पर अपलोड करना न भूलें। सेवा, संकल्प व सुशासन को लेकर जिलों में प्रदर्शनी लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 25 जून को आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने पर सभी जिलों में पार्टी कार्यक्रम कर लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करेगी और जनता को बताएगी कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर किस प्रकार देश के लोकतंत्र का गला घोटा था। आज राहुल गांधी भी भोपाल में हैं। मध्यप्रदेश की जनता राहुल गांधी से पूछना चाहती है कि कांग्रेस ने लोकतंत्र का गला क्यों घोंटा था। राहुल गांधी को मध्यप्रदेश की जनता के सवाल का जवाब देना चाहिए।
प्रधानमंत्री बढ़ा रहे दुनिया में देश का सम्मान- रेखा वर्मा
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने कहा कि 2014 के पहले देश की क्या स्थिति थी कहने की जरूरत नहीं है परन्तु जब 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की कमान संभाली, उसके बाद देश में हर क्षेत्र में लगातार विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था वाल देश बन गया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर भारत का मान-सम्मान बढ़ा है और देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य तय करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेषा संविधान विरोधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर विरोधी रही है। कांग्रेस चाहती ही नहीं थी कि देश का संविधान देश का कोई भी व्यक्ति लिखे। कांग्रेस पार्टी किसी अंग्रेज से देश का संविधान लिखवाना चाहती थी। कांग्रेस ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को चुनाव हराने से लेकर उनके साथ कैसा व्यवहार किया, यह जगजाहिर है। देश में कुछ राजनीतिक पार्टियां हमारी पार्टी पर आरोप लगाती हैं कि हम एक समाज के विरोधी हैं। यह सिर्फ अपनी राजनीति साधने के लिए हम पर गलत आरोप लगाते हैं। क्या हम एक समाज के विरोधी होते तो तीन तलाक की समस्या खत्म करने का निणर्य लेकर कानून नहीं बनाते, कश्मीर से धारा 370 हटती, वक्फ संशोधन बिल लाया जाता। तीन तलाक कानून ने मुस्लिम समाज की बहनों की जिंदगी बदलने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने तो कोविड के समय भी देश ही नहीं दुनिया में कई देशों की मदद कोविड टीकाकरण के माध्यम से की। आज नई शिक्षा नीति की बात हो, आयुष्मान योजना, उज्जवला योजना सहित अन्य गरीब कल्याण की योजनाओं के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हर वर्ग का जीवन स्तर उठाने का प्रयास कर रहे हैं।
महापुरुषों के सपनों को साकार कर रहे प्रधानमंत्री मोदी - डॉ. महेंद्र सिंह
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्रसिंह ने कहा कि भाजपा की यात्रा जनसंघ के रूप में शुरू हुई। उस समय लोग हमारा मजाक उड़ाते हुए कहते थे कि दीये में तेल नहीं, सरकार बदलना खेल नहीं। लेकिन हमारी यात्रा आगे बढ़ती रही। अटलजी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी बनी, लेकिन जब 84 में हमारे दो सांसद जीतकर संसद पहुंचे, तो लोगों ने फिर मजाक उड़ाया कि हम दो-हमारे दो। फिर राम मंदिर आंदोलन का दौर आया। इसके बाद स्वर्गीय अटलजी के नेतृत्व में हमारी सरकार बनी और जब परमाणु परीक्षण के बाद दुनिया ने भारत पर प्रतिबंध लगाये, तो उन्होंने कहा कि हम किसी के आगे हाथ नहीं फैलाएंगे। अटलजी की सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को जो गति दी थी, वह मनमोहन सरकार के आते ही आधी रह गई। फिर नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने और जब वे अमेरिका के दौरे पर गए, तो वहां के राष्ट्रपति उनकी आगवानी के लिए एयरपोर्ट पर पहुंचे। वो अंग्रेज जो जाते समय यह कह गए थे कि इंग्लैंड में कभी वंदे मातरम् नहीं गाया जाएगा, वहां प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जाने पर वंदे मातरम् और भारतमाता की जय के नारे गूंज उठे। यूक्रेन युद्ध के दौरान भारतीय छात्रों को ले जाने वाली बसों पर तिरंगा देखकर यूक्रेन और रूस की सेनाएं युद्ध रोक देती थीं। 2014 से पहले हम हर चीज बाहर से खरीदते थे, मोदी जी ने देश को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया। आज हम 85 देशों को रक्षा उपकरण निर्यात करते हैं। मोदी जी के नेतृत्व में चांद पर तिरंगा लहराया है और सूर्य तथा मंगल के लिए प्रयास जारी हैं। मोदी जी ने सड़कें, हाईवे, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, एम्स बनाए। लाखों परिवारों को मुफ्त इलाज, आवास, गैस सिलेंडर, बिजली कनेक्शन और नल कनेक्शन दिये। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में देश दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बन चुका है और 2030 तक तीसरे स्थान पर पहुंचाने का संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। उन्होंने कहा कि मोदी जी महात्मा गांधी, आचार्य विनोबा भावे, पं.दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के सपनों का भारत बना रहे हैं, हमें इस यात्रा में सहभागी बनना है।
पर्यावरण दिवस पर लगाएं एक पेड़ मां के नाम- हितानंद
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने आगामी संगठनात्मक कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपबल्धियों को सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 साल के तहत जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कार्यकर्ता करेंगे। इसके लिए 5-6 जून को जिला कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। 9 जून को डिजिटल प्रतियोगिता होगी। 9 जून को प्रदेश स्तर और 10-11 जून को जिला स्तर पर पत्रकार-वार्ताओं का आयोजन सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित आयोजित किए जाएंगे। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा जल संरक्षण की दृष्टि से तालाबों, पोखरों एवं कुओं आदि के संरक्षण का कार्य निरंतर किया जा रहा है। 5 जून को पर्यावरण की दृष्टि से पौधारोपण कार्यक्रमों का आयोजन प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर आयोजित कर अपने-अपने क्षेत्र को हरा-भरा करने का प्रयास करना होगा, ताकि हमारी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ मां’ के नाम के तहत पौधा रोपकर उसे सहजने का काम हम सभी को करना है। प्रदेश के जिलों में प्रोफेशनल मीट और मंडल स्तर पर ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन कर संकल्प लिया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा में केंद्र प्रायोजित योजनाओं के पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि आयुष्मान योजना सहित अन्य योजनाओं का 100 प्रतिशत लाभ लोगों को मिल सके। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले 15 से 20 जून तक मंडलों में योग प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाए। 23 जून डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस एवं 6 जुलाई को उनकी जयंती मनायी जाएगी। 25 जून को कांग्रेस द्वारा लगाए गए आपातकाल के काले अध्याय के 50 वर्ष होने पर सेमिनार और लोकतंत्र सेनानी के सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। श्री हितानंद जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में अव्वल आने वाले जिला अध्यक्षों को शुभकामनाएं देकर प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का संचालन पार्टी की प्रदेश महामंत्री व सांसद कविता पाटीदार एवं प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, कांतदेव सिंह, सांसद आलोक शर्मा, प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत मंचासीन रहे। प्रशिक्षण बैठक में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, मोर्चा अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों के जिला संयोजक उपस्थित रहे।