Bharat tv live

MP News: प्रदेश भर में 10 से 15 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान

 | 
MP News: प्रदेश भर में 10 से 15 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान 

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बुधवार को ‘‘हर घर तिरंगा अभियान‘‘ के तहत भाजपा प्रदेश कार्यालय में केंद्र का शुभारंभ किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्र में भुगतान कर तिरंगा खरीदा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर ‘‘हर घर तिरंगा अभियान‘‘ के तहत प्रदेश के हर घर में तिरंगा शान से लहराये, इस अभियान में कार्यकर्ता जुट गए है। 10 अगस्त से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में ‘‘हर घर तिरंगा अभियान‘‘ चलाया जाएगा। ‘‘हर घर तिरंगा अभियान‘‘ एक यूनिक फेस्टिवल बन चुका है। 10 अगस्त से 14 अगस्त तक मंडल स्तर पर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। 14 अगस्त को भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस निकालने के साथ प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

 हर घर तिरंगा अभियान को उत्सव की तरह मनाया जाए

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा  के निर्देश में प्रदेशभर में ‘‘हर घर तिरंगा अभियान‘‘ का शुभारंभ 10 अगस्त से किया जा रहा है। ‘‘हर घर तिरंगा अभियान‘‘ एक यूनिक फेस्टिवल बन चुका है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने प्रदेश की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं से ‘‘हर घर तिरंगा अभियान‘‘ को एक उत्सव की तरह मनाने की अपील की है। पार्टी के युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के नेतृत्व में प्रदेश भर में 10 से 14 अगस्त तक ‘‘तिरंगा यात्रा‘‘ का आयोजन किया जाएगा। तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में आम जनता और विभिन्न संगठनों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। 12 से 14 अगस्त तक प्रदेश भर में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, युद्ध स्मारकों और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 13 से 15 अगस्त तक प्रदेश के सभी घरों, प्रतिष्ठानों पर आम नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता तिरंगा लहरायेंगे एवं 15 अगस्त को झंडा फहराने के बाद शाम को सम्मानपूर्वक उतारना भी कार्यकर्ता सुनिश्चित करेंगे। स्वच्छता अभियान के बाद पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ युद्धवीरों, शहीदों और देश की सेवा में प्राण न्यौछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के घर पहुंचकर परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। 

युवा पीढ़ी को बताएंगे विभाजन की विभीषिका

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि अभियान के तहत 14 अगस्त को ‘‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस‘‘ पर सभी जिलों में मौन जुलूस निकाला जाएगा। बैठकों का आयोजन कर देश के विभाजन के समय पीड़ितों के परिजनों से भेंट करने के साथ प्रदर्शनी और अन्य माध्यमों से युवाओं को देश के विभाजन की विभीषिका से अवगत कराया जाएगा। इसके साथ ही हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रदेश भर के सभी घरों में तिरंगा पहुंचे और शान से लहराये, इसके लिए भी पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता जुटेंगे।