Bharat tv live

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, की कई घोषणाएं

 | 
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, की कई घोषणाएं 

Police Memorial Day 2023: पूरा देश आज पुलिस स्मृति दिवस मना रहा है। इसको लेकर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। साथ ही देश की रक्षा में जान गंवाने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पुलिस महकमे में 1800 पद खाली हैं, जिनको जल्द ही भर दिया जाएगा। साथ ही जवानों को आवास की सुविधा मिलेगी, इसके लिए 100 करोड़ रुपये की धनराशि दी जाने वाली है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पुलिस के जवानों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी दिन रात प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा में जुटे रहते हैं। साथ ही राज्य के पर्यटन में भी उनकी अहम भूमिका है। इस दौरान वह अपने कर्तव्य को निभाते हुए बलिदान भी दे देते थे। ऐसे में पुलिस के जवानों का हौसला बढ़ाया जाना बेहद जरूरी है।

वहीं कार्यक्रम में मौजूद उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि वार्षिक स्वास्थ्य जांच की घोषणा बहुत बड़ी घोषणा है। आईपीएस के लिए हर साल हमारी मेडिकल जांच अनिवार्य है। जब हर पुलिसकर्मी की जांच होगी तो फायदा होगा। यह पुलिस के कल्याण के लिए बहुत बड़ा कदम है। आज सीएम धामी ने घोषणा की कि 1800 रिक्तियां भरी जाएंगी। इसके अलावा साइबर प्रशिक्षण सभी पाठ्यक्रमों में शामिल होगा।


पुलिस स्मृति दिवस हर साल 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। यह दिन उन 10 पुलिसकर्मियों को याद करने के लिए मनाया जाता है, जो 1959 में भारत-चीन सीमा पर देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए थे। इस दिन पुलिस में सेवा करते हुए शहीद होने वाले कर्मचारियों को याद किया जाता है और उन्हें श्रद्धांजलि दी जाती है।