Bharat tv live

CM योगी ने जनता से की अपील, कहा- देश की आस्था, सुरक्षा और विकास से वंचित रखने वालों को एक-एक वोट के लिए है तरसाना

 | 
CM योगी ने जनता से की अपील, कहा- देश की आस्था, सुरक्षा और विकास से वंचित रखने वालों को एक-एक वोट के लिए है तरसाना

Bulandshahr: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को जनता से अपील की कि इस बार आस्था और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों, विकास से वंचित रखने वालों, युवा पीढ़ी और अन्नदाता किसानों के साथ अन्याय करने वालों और बेटी-व्यापारी को डराने वालों को एक-एक वोट के लिए तरसा दीजिये। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से कहा, ‘‘आप उन्हें बोल दीजिए कि जो देश, विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के बारे में सोचेगा, उसी को आप वोट देंगे।’’ 

योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर के शिकारपुर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। इस दौरान उन्होंने बुलंदशहर लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. भोला सिंह के पक्ष में वोट करने की अपील की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा ने देश की अस्मिता को बचाने के लिए कई नारे दिये, जिसका कांग्रेस मजाक उड़ाया करती थी तथा सपा और बसपा कांग्रेस का समर्थन करती थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, बसपा और सपा देश की तमाम समस्याओं की जड़ है, जबकि भारतीय जनता पार्टी इन समस्याओं का समाधान है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने देश को अनुच्छेद 370 दिया, जबकि भाजपा ने इसे समाप्त करके आतंकवाद की ताबूत पर अंतिम कील ठोकने का काम किया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब देश में विस्टोफ और आतंकवादी गतिविधियां नहीं होती हैं क्योंकि वे जानते हैं कि उनके साथ उनके आका को भी ठीक कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा,‘‘ऐसे में इस बार आस्था और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों, विकास से वंचित रखने वालों, युवा पीढ़ी और अन्नदाता किसानों के साथ अन्याय करने वालों और बेटी-व्यापारी को डराने वालों को एक-एक वोट के लिए तरसा दीजिये। 

उन्होंने कहा  दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत में आज लोकसभा के चुनाव के प्रथम चरण का मतदान हो रहा है, जिसके परिणामों को लेकर हम निश्चिंत हैं। इस भाव के साथ पूरा देश एक बार फिर से मोदी सरकार बनाने के लिए संकल्पित दिखायी दे रहा है। इसी के तहत दूसरे चरण के मतदान के लिए हम सभी से आह्वान करने आये हैं।’’मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को एक नई पहचान, दुनिया में सम्मान और आतंकवाद की समस्या से निजात दिलायी है, ऐसे में हमारा भी दायित्व है कि देश में तीसरी बार भी मोदी सरकार बने।

मुख्यमंत्री ने कहा  रामनवमी के अवसर पर भगवान राम का सूर्य तिलक हुआ, जिसे पूरी दुनिया ने देखा। कांग्रेस, सपा और बसपा ने हमें इससे वंचित रखने का पाप किया। इतना ही नहीं, ये सभी भगवान राम के होने का प्रमाण मांगते रहे।’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या में रामलला का दिव्य, भव्य और नव्य मंदिर बनाया तो ये सभी कहने के लिए मजबूर हो गये कि राम सबके हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह आपके एक वोट की ताकत से संभव हो पाया है, जिन्होंने इनके स्वर ही बदल दिये हैं और आज पूरा देश एक बार फिर से मोदी सरकार पर सहमत है क्योंकि समस्याओं का समाधान करना ही मोदी सरकार का दायित्व है ऐसे में आपको अपने एक-एक वोट की कीमत को समझते हुए सही दिशा में वोट करना है। इस अवसर पर भाजपा बुलंदशहर के जिलाध्यक्ष विकास चौहान, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया, लोकसभा प्रत्याशी डॉ. भोला सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया आदि उपस्थित रहे।