Bharat tv live

Jharkhand Assembly Elections 2024: BJP ने झारखंड में जारी किया अपना "संकल्प पत्र" कुशासन तथा भ्रष्टाचार का अंत करना है लक्ष्य

 | 
Jharkhand Assembly Elections 2024: BJP ने झारखंड में जारी किया अपना "संकल्प पत्र"  कुशासन तथा भ्रष्टाचार का अंत करना है लक्ष्य

Ranchi: BJP ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है, जिसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पेश किया। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि झारखंड की जनता को यह तय करना है कि उन्हें किस प्रकार की सरकार चाहिए।

BJP का लक्ष्य झारखंड को विकास के रास्ते पर ले जाना और राज्य में कुशासन तथा भ्रष्टाचार का अंत करना है। अमित शाह ने वादा किया कि BJP माटी, बेटी और रोटी की सुरक्षा करेगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस चुनाव को केवल सरकार बदलने का चुनाव नहीं, बल्कि झारखंड के भविष्य की सुरक्षा का चुनाव बताया। जनता को यह तय करना है कि वे घुसपैठियों की सरकार चाहती हैं या एक सुरक्षित और सशक्त सरकार। उन्होंने भाजपा की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए कहा कि करोड़ों झारखंडवासियों की राय के आधार पर यह संकल्प पत्र तैयार किया गया है, जिसमें आदिवासियों की जमीन, रोटी और बेटियों की रक्षा का वादा किया गया है।

BJP ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन की सरकार ने सभी विकास योजनाओं को ठप कर दिया है और आदिवासियों की सुरक्षा को नजरअंदाज किया है। अमित शाह ने कहा कि उनकी पार्टी झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठ को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य को विकास के रास्ते पर ले जाने का संकल्प लेती है। उन्होंने यह भी कहा कि गरीब कल्याण, युवाओं का भविष्य और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दे संकल्प पत्र में शामिल।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि हुई है। उन्होंने हेमंत सोरेन से सवाल किया कि उन्होंने अपने वादे के अनुसार कितने युवाओं को रोजगार दिया है। शाह ने कहा कि हेमंत सरकार ने घुसपैठियों को पनाह दी है, जिससे आदिवासी समुदाय की संख्या में कमी आ रही है।

BJP ने अपने संकल्प पत्र में कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल की हैं, जैसे 'गोगो दीदी योजना' के तहत हर महिला को महीने में 2100 रुपये, दिवाली और रक्षाबंधन पर मुफ्त गैस सिलेंडर, और अगले पांच वर्षों में पांच लाख रोजगार का सृजन। इसके अतिरिक्त, 287,500 सरकारी पदों पर भर्ती करने, हर साल एक लाख युवाओं को रोजगार भत्ता देने, और झारखंड में 10 नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों के निर्माण का भी वादा किया गया है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हेमंत सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 21 लाख घरों का निर्माण नहीं किया है, जबकि BJP इस लक्ष्य को पूरा करेगी। BJP का संकल्प पत्र यह भी सुनिश्चित करता है कि घुसपैठियों से भूमि कब्जा मुक्त किया जाएगा और राज्य में गो तस्करी को खत्म किया जाएगा।

उन्होंने MSP तंत्र में नई फसलें जोड़ने, डायमंड क्वाड्रिलेटर एक्सप्रेसवे बनाने और हर जिले में एक नर्सिंग प्रशिक्षण कॉलेज खोलने का भी आश्वासन दिया। बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में कुशासन और भ्रष्टाचार के खिलाफ एक जांच आयोग के गठन की भी योजना बनाई है।