Bharat tv live

Tripura Assembly Election 2023: मुख्यमंत्री माणिक साहा ने किया 36 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा, बोले- पीएम मोदी ने बदली पूरी राजनीति

 | 
Tripura Assembly Election 2023: मुख्यमंत्री माणिक साहा ने किया 36 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा, बोले- पीएम मोदी ने बदली पूरी राजनीति

Tripura Assembly Election 2023: त्रिपुरा की 60 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री माणिक साहा ने बड़ा दावा किया है। माणिक साहा ने कहा है कि चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगी दल 36 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करने वाले हैं।

माणिक साहा ने कहा, भाजपा इस चुनाव में करीब 36 सीटों पर जीत हासिल करेगी, वहीं हमारे सहयोगी दल आठ सीटों पर जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा, इस तरह हम 36 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करने वाले हैं।

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा, कांग्रेस और वाम दल पारंपरिक राजनीति कर रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी राजनीति ही बदल दी है। किन लोगों के साथ रहने से कितने मतदान मिलेंगे यह लोग उसी में लगे हैं, लेकिन भाजपा सबके लिए काम करती है। उन्होंने ग्रेटर टिपरालैंड को लेकर कहा, मैंने बार-बार कहा कि ग्रेटर टिपरालैंड की सीमा कहां है? वे कभी बोलते हैं कि यह बांग्लादेश में है, कभी बोलते हैं कि असम, मिज़ोरम में कुछ हिस्सा है। अगर हम इसपर बात करना चाहते हैं तो कहा जाता है कि यह भाषाई और सांस्कृतिक पर है। वे ठीक से इसको परिभाषित नहीं कर पा रहे हैं।

माणिक साहा ने कहा, केंद्र व राज्य में अगर एक ही पार्टी की सरकार होती है तो कुछ भी चीज मांगने में आसानी हो जाती है। मैंने पहले भी देखा था कि केंद्रीय मंत्रियों से मिलने में बहुत मुश्किल होती थी। अगर एक ही सरकार होगी तो समय भी तुरंत मिल जाता है। ऐसा पहले कभी नहीं था और जनता इसको समझती भी है। उन्होंने आगे कहा, त्रिपुरा में कम्युनिस्ट सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से हटाना भारत के इतिहास में ऐसा शायद पहली बार हुआ है। इस वजह से भी त्रिपुरा जरूरी है। इतने लोगों को अपने जीवन का बलिदान देना पड़ा और ऐसा फिर से न हो इसलिए हमारे पार्टी के नेता भी चिंतित रहते हैं।