Bharat tv live

गाजियाबाद में गवर्नर : उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने दी अनेक सौगात

 | 
गाजियाबाद में गवर्नर : उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने दी अनेक सौगात

नई दिल्ली/उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कहा कि दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराई को मिटाने में महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान है। इसके लिए उन्हें आगे आकर कार्य करना चाहिए ताकि समाज से यह कुरीति समाप्त हो सके। जनपद गाजियाबाद में रविवार को आगमन के दरम्यान राज्यपाल ने 1054 स्वयं सहायता समूहों के अलावा डासना जेल और दुहाई वृद्धाश्रम को कई सौगात दीं। एकेटीयू विश्वविद्यालय एवं चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आईटीएस संस्थान मोहन नगर (गाजियाबाद) में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके जरिए महिलाओं को स्वावलंबी बनाने एवं उनकी आर्थिक उन्नति में काफी मदद मिल रही है।

11 हजार सदस्यों को 2.83 करोड़ के चेक
राज्यपाल ने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए स्वयं सहायता समूह मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। उन्होंने सभी महिलाओं का आह्वान किया कि वह अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें। खासकर बालिकाओं को पढ़ाने के लिए विशेष प्रयास सुनिश्चित करें ताकि महिला सशक्तिकरण और तेजी से आगे बढ़ सके। कार्यक्रम के दौरान जनपद के 1054 स्वयं सहायता समूहों के लगभग 11 हजार सदस्यों को 2 करोड़ 83 लाख 70 हजार के चेक वितरित कर वित्तीय सहायता प्रदान की गई। इसके तहत 500 से ज्यादा समूहों को स्टार्टप, 356 समूह को रिवाल्विंग फंड और 198 स्वयं सहायता समूह को सीआईएफ दिया गया।

30 लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड
इसी क्रम में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत 30 लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड बांटे गए। 6 संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र भी दिए गए। यह संस्थाएं टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत आगे आकर कार्य कर रही हैं। वह टीबी मरीजों को चिन्हित कर उन्हें इलाज मुहैया कराने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करती हैं। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एवं सांसद वी.के. सिंह, मेयर आशा शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्षा ममता त्यागी, एकेटीयू के कुलपति प्रो. विनीत कंसल, चौ. चरण सिंह विवि मेरठ के कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार तनेजा, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पवन कुमार, योजना निदेशक डीआरडीए पी.एन. दीक्षित, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवतोष शंखधर, अपर जिलाधिकारी (नगर) विपिन कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

डासना जेल को एलईडी-कंप्यूटर मिले
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल जिला कारागार भी पहुंची। वहां उन्होंने महिला बैरक में लगाने के मकसद से 3 एलईडी एवं महिलाओं के स्किल डेवलपमेंट के लिए 5 कंप्यूटर सेट, महिला कैदियों के बच्चों को कपड़े एवं खिलौने भी प्रदान किए गए। तत्पश्चात राज्यपाल ने दुहाई में वृद्धाश्रम का भ्रमण किया। वहां आश्रम के लिए 2 एसी एवं एलईडी राजभवन के जरिए उपलब्ध कराई।