रामगढ़ कॉलेज परिसर पूरी तरीके से राजनीति का अखाड़ा बन गया है

रामगढ़ कॉलेज परिसर पूरी तरीके से राजनीति का अखाड़ा बन गया है। पिछले 24 घंटे से यहां आजसू का आंदोलन चल रहा है। इस कॉलेज में इंटर साइंस की पढ़ाई शुरू कराने के लिए गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने खुद कैंप कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर प्रबंधन उनकी मांग पर अमल नहीं करेगा तो उनकी ईंट से ईंट बजा देंगे।
उन्होंने कहा कि इंटर की पढ़ाई को एक साजिश के तहत यहां बंद कराया जा रहा है। अभी वर्तमान में इंटर के कला और कॉमर्स संकाय में पढ़ाई चल रही है। सिर्फ साइंस की पढ़ाई के लिए नामांकन बंद कर दिया गया है। कॉलेज प्रबंधन के इस तानाशाही रवैया के खिलाफ आजसू छात्र संघ आंदोलन कर रहा है। लेकिन जिस तरह से छात्र संघ के कार्यकर्ताओं को पीटा गया है पार्टी उसे बर्दाश्त नहीं करेगी।
सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने कहा कि कॉलेज में जिस तरीके से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर असामाजिक तत्वों के द्वारा लाठियां बरसाई गई हैं वह किसी भी तरीके से न्यायोचित नहीं है। उसकी जितनी निंदा की जाए कम है। आजसू छात्र संघ के लोगों को जिस तरीके से पुलिस के सामने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया है, इसका जवाब रामगढ़ पुलिस प्रशासन को भी देना होगा। चंद्र प्रकाश चौधरी ने कहा कि रामगढ़ कॉलेज शहर की नाक है। यहां के छात्र अगर यहां शिक्षा ग्रहण नहीं करेंगे तो उसके लिए उन्हें दूसरे जिले का रुख करना पड़ेगा। मैट्रिक के बाद उन्हें सीधे स्नातक में नामांकन तो मिलेगा नहीं। इसके लिए उन्हें इंटर की पढ़ाई करनी होगी। अगर रामगढ़ कॉलेज में इंटर की पढ़ाई बंद हो जाएगी तो यहां के बच्चों का भविष्य अधर में लटक जाएगा। रामगढ़ के बच्चों के भविष्य के लिए उन्हें जिस हद तक जाना पड़े वे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रबंधन की ओर से न्यायालय द्वारा दी गई दलील भी खोखली प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि अगर रामगढ़ कॉलेज में सिर्फ उच्च शिक्षा के लिए बच्चों का नामांकन होगा तो यहां के हजारों बच्चों को रांची या हजारीबाग दौड़ कर जाना होगा। जो किसी भी स्तर पर उचित नहीं है
रामगढ़ कॉलेज में 4 अक्टूबर को आजसू छात्र संघ के लोगों को जिस तरीके से पीटा गया है उस पर पार्टी के अन्य नेताओं ने भी अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है। रामगढ़ कॉलेज घेराव कार्यक्रम में आजसू छात्र संघ के बिनोवा भावे विश्वविद्यालय प्रभारी राजेश कुमार महतो, रामगढ़ नगर परिषद उपाध्यक्ष मनोज महतो सहित जिले के कई दिग्गज नेता शामिल हुए।