सोनाक्षी सिन्हा का खुलासा: 21 साल की उम्र में हुआ प्यार, 5 साल चला रिलेशनशिप

बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने अपने प्यार और ब्रेकअप को लेकर नया खुलासा किया है। उन्होंने अपने एक इंटरव्यू में अपने रिलेशनशिप के बारे में खुलकर बताया है। सोनाक्षी ने बताया कि उनका पहला सीरियस रिलेशनशिप पांच साल तक चला था और उसके बाद उनका ब्रेकअप हुआ था। यह पहली बार है, जब सोनाक्षी सिन्हा ने अपने पहले रिलेशनशिप को लेकर खुलकर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि स्कूल टाइम में भी उनका रिलेशनशिप चला था, लेकिन यह सीरियस नहीं था और ब्वॉयफ्रेंड के साथ उनका ब्रेकअप जल्दी हो गया था। उन्होंने कहा कि स्कूल के बाद जब उनका सीरियस रिलेशनशिप हुआ, तो काफी लंबा चला।
बता दें कि अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा, अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और पूनम सिन्हा की बेटी हैं। उनका पहला सीरियस रिलेशनशिप 20 साल की उम्र के बाद हुआ था। उन्होंने कहा, जब मैं स्कूल में थी उस वक्त मेरा एक प्यारा रिश्ता था। लेकिन ग्रेजुएशन में मैंने उनसे 'ओके बाय' बोल दिया और इसके बाद मेरा सीरियस अफेयर हुआ।
सोनाक्षी सिन्हा ने अपने इंटरव्यू में कहा, मुझे लगता है कि तब मैं 21 या 22 साल की रही होंगी, जब मेरा पहला सीरियस रिलेशनशिप हुआ। यह रिलेशनशिप काफी लंबा चला था। उन्होंने कहा कि उनका पहला रिलेशनशिप शायद 5 साल से भी अधिक चला था। उन्होंने कहा कि यह जरूरी है कि आप अपने रिश्ते में कुछ सीखें और आगे बढ़ जाएं। हर इंसान अलग होता है, उसका व्यक्तित्व अलग होता है। सोनाक्षी का कहना है कि इंसान को ऐसे आदमी को खोजना चाहिए, जो आपको झेल सके। उन्होंने कहा, मैंने बहुत सी बातें सीखी हैं। मैं बहुत छोटी थी और जैसे-जैसे आप बड़े होते हैं, तो सीखते जाते हैं।
सोनाक्षी सिन्हा का साफ कहना है कि उनके माता-पिता उनके लिए लड़का नहीं ढूंढ पाएंगे। उन्होंने कहा, अगर वो अपने पैरेंट्स के ऊपर लड़का ढूढ़ने की बात छोड़ दें, तो वो घर पर बैठी कुंवारी रह जाएंगी। सोनाक्षी ने कहा कि उनकी मां अक्सर शादी के बारे में उनसे पूछती रहती हैं। उन्होंने कहा कि माता-पिता को पता है कि जब मैं शादी के लिए तैयार हूंगी तो कर लूंगी।
आपको बता दें कि सोनाक्षी सिन्हा ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत दंबग फिल्म से की थी। इस फिल्म में वो सलमान खान के ऑपोजिट थीं। इसके बाद उन्होंने 'राउडी राठौर', 'दबंग 2', 'लुटेरा', 'बुलेट राजा', 'हॉलिडे', 'तेवर', 'अकीरा', 'कलंक', 'खानदानी शफाखाना', 'दबंग 3' और 'मिशन मंगल' जैसी फिल्मों में अभिनय किया।
सोनाक्षी सिन्हा हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया' में भी नजर आई थीं। अब उनकी अगली फिल्म 'काकूडा' आने वाली है। सोनाक्षी ने फिल्म इंडस्ट्री में कदम बतौर कॉस्ट्यूम डायरेक्टर के तौर पर रखा था। उन्होंने साल 2005 में आई फिल्म 'मेरा दिल लेके देखो' में कॉस्ट्यूम डिजाइन किया था। 'दबंग' फिल्म के दौरान उनका नाम सलमान खान के छोटे भाई सोहेल खान के साले बंटी सचदेवा के साथ भी जुड़ा था। उनके इस अफेयर को लेकर उस वक्त काफी चर्चा हुई थी। दोनों लंबे वक्त तक रिलेशनशिप में रहे थे और फिर बाद में उनका ब्रेकअप हो गया था। उनका नाम अर्जुन कपूर, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर के साथ भी जुड़ चुका है।