Bharat tv live

खेल रत्न पुरस्कार का नाम मेजर ध्यानचंद जी को समर्पित

 | 
players

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, “देश को गर्वित कर देने वाले पलों के बीच अनेक देशवासियों का यह आग्रह भी सामने आया है कि खेल रत्न पुरस्कार का नाम मेजर ध्यानचंद जी को समर्पित किया जाए। लोगों की भावनाओं को देखते हुए उसका नाम अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार किया जा रहा है। जय हिंद!”

उन्होंने कहा, “ओलंपिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रयासों से हम सभी अभिभूत हैं। विशेषकर हॉकी में हमारे बेटे-बेटियों ने जो इच्छाशक्ति और जीत के प्रति ललक दिखाई है, वह वर्तमान एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है।”

उल्लेखनीय है कि खेल रत्न पुरस्कार भारत में दिया जाने वाला सबसे बड़ा खेल पुरस्कार है। यह अभी तक पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम पर दिया जाता था। अब यह पुरस्कार भारत के पूर्व हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यान चंद के नाम पर होगा।

ध्यानचंद हॉकी के भूतपूर्व खिलाड़ी एवं कप्तान थे। आज भी भारत एवं विश्व हॉकी के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में उनकी गिनती होती है। वे तीन बार ओलम्पिक के स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य रहे। तीन ओलम्पिक खेलों में उन्होंने कुल 39 गोल दागे थे। उनकी जन्मतिथि को भारत में "राष्ट्रीय खेल दिवस" के रूप में मनाया जाता है।