ताइक्वांडो खिलाड़ी अरुणा तंवर ने रेपचेज राउंड से नाम वापस लिया
भारतीय पैरा ताइक्वांडो खिलाड़ी अरुणा तंवर ने महिलाओं की K44-49 किग्रा वर्ग स्पर्धा के रेपचेज राउंड से अपना नाम वापस ले लिया है। अरुणा को आज सुबह क्वार्टरफाइनल में पेरू की लियोनोर एस्पिनोज़ा कैरान्ज़ा के हाथों 84-21 से शिकस्त का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद उन्हें रेपचेज राउंड से गुजरना था। लेकिन बाएं हाथ और दाएं पैर में चोट के चलते उन्हें रेपचेज राउंड से अपना नाम वापस लेना पड़ा है। ये चोट उन्हें पैरालंपिक के शुरुआती दौर के मैचों के दौरान लगी थीं।
चोट के बावजूद वे क्वार्टरफाइनल में उतरी थीं। लेकिन अब उनकी सूजन बढ़ गई है और हेयरलाइन फ्रैक्चर की आशंका भी जताई जा रही।
साई मीडिया ने ट्वीट किया, "भारत की अरुणा तंवर चोट के कारण महिला K44-49 किग्रा रेपेचेज क्वार्टर फाइनल मुकाबले से हट गईं। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं और आगे की प्रतियोगिताओं के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।"

