किसान महापंचायत: कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा पहुंचे फिरोजाबाद, किसानों से करेंगे संवाद

फिरोजाबाद जिले में भारतीय किसान यूनियन (भानु) की ओर से रविवार को गांव इमलिया में किसान महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। किसान महापंचायत में शामिल होने के लिए उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही फिरोजाबाद पहुंच गए हैं। वे सबसे पहले अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। इसके बाद किसान महापंचायत में पहुंचेंगे। यहां किसानों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर हजारों की संख्या में किसान पहुंचे हैं। वहीं, किसान महापंचायत को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
टूंडला तहसील क्षेत्र के गांव इमलिया में भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में किसान महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन स्थल पर 70 बीघा भूमि पर टेंट लगाने के साथ करीब 40 बीघा में वाहनों की पार्किंग किए जाने की व्यवस्था की गई है। बीस बीघा भूमि पर विशाल मंच सजाया गया है। महापंचायत में आगरा, अलीगढ़ मंडल के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से किसान शामिल हुए हैं।
तैयारियों में जुटे रहे अफसर - शनिवार को एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र, एसडीएम टूंडला बुशरा बानो, टूंडला सीओ अभिषेक श्रीवास्तव के साथ अन्य अधिकारियों के साथ महापंचायत स्थल का निरीक्षण किया। एडीएम आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि किसानों की होने वाली महापंचायत में प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के मंत्री सूर्य प्रताप शाही शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की भी आने के संभावना है। ऐसे में तैयारियां की जा रही हैं।
शौचालय खराब होने पर जताई नाराजगी - इमलिया उम्मरगढ़ में सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराने के बाद से उसके फ्लश आदि के टूट जाने पर भानु गुट किसान यूनियन के नेताओं ने काफी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान गांव में पहुंचे सचिव को खरीखोटी भी सुनाई गई। चिव ने खामियों को दूर किए जाने का भरोसा दिया। नाराजगी के बाद खामियों को दूर कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।